राम-भरत मिलन हुआ तो छलक पड़े नयन

भरत मिलाप शोभायात्रा में जीवंत झांकियों ने मोहा
यह रहा खास नजाराः लोक कलाकारों की प्रस्तुति।

नगर निगम कोटा की ओर से आयोजित राष्ट्रीय मेला दशहरा 2016 के उपलक्ष में बुधवार को कैथूनीपोल से दशहरा मैदान तक भव्य शोभायात्रा निकाली गई। यात्रा में शामिल जीवंत झांकियों ने लोगों का खूब ध्यान खींचा, वहीं दशहरा मैदान के विजयश्री रंगमंच पर भरत, गुरू वशिष्ठ व महामंत्री सुमंत ने राम अगवानी की। इस दौरान राम व भरत मिलाप के बेहद ही सुंदर दृश्य को देखने के लिए जन सैलाब उमड़ पड़ा। दर्शकों की आंखों में भी आंसू छलक आए। इसके बाद रात को श्रीराम रंगमंच पर रामलीला मंचन हुआ, जिसमे राम राज्याभिषेक का जयश्री कृष्ण कला केंद्र मथुरा के कलाकारों ने बेहद ही मनमोहक मंचन किया।

navjyoti-13-10

इससे पहले शाम करीब पौने सात बजे कैथूनीपोल चौराहा स्थित संतोषी माता मंदिर में पूजा-अर्चना कर अतिथि शहर कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद शर्मा, भाजपा नेता हीरेंद्र शर्मा ने पूजा-अर्चना कर भरत मिलाप शोभायात्रा को आरंभ किया।

रामलीला कार्यक्रम के संयोजक पार्षद महेश गौतम लल्ली ने बताया कि यात्रा टिपटा, गढ़ पैलेस, किशोरपुरा दरवाजा होते हुए दशहरा मैदान के विजयश्री रंगमंच पहंुची। यहां विजयश्री रंगमंच के बाहर राम-भरत मिलाप हुआ। दशहरा मैदान परिसर को अयोध्या की तरह सजाया गया। महापौर महेश विजय, उप महापौर सुनीता व्यास, निगम आयुक्त शिवप्रसाद एम नकाते, उपायुक्त राजेंद्र सिंह चारण, राजेश डागा, अशोक त्यागी, मेलाअध्यक्ष राम मोहन मि़त्रा बाबला, मेला समिति सदस्य पार्षद महेश गौतम लल्ली, भगवान स्वरूप गौतम, प्रकाश सैनी, नरेंद्र हाड़ा, कृष्ण मुरारी सामरिया, विकास तंवर, रमेश चतुर्वेदी, मीनाक्षी खंडेलवाल आदि मौजूद थे।

सैनिकों की टुकड़ी व कालबेलिया नृत्य ने खींचा ध्याना
मेला अधिकारी व निगम आयुक्त राजेंद्र सिंह चारण ने बताया कि गाजे बाजे के साथ निकली शोभायात्रा में शामिल लोक कलाकारों ने मनमोहक कालबेलिया चकरी नृत्य की प्रस्तुति दी। 50 सैनिकों की टुकड़ी भी आकर्षण का केंद्र रही। मेला प्रचार प्रसार समिति के अध्यक्ष कृष्ण मुरारी सामरिया ने बताया कि यात्रा में पांच बग्गी, 10 घुड़सवार सैनिक, दो हाथी, दो बैंडबाजे, 50 सैनिकों की टुकड़ी, 12 महिला कलाकारों का कालबेलिया नृत्य व विभिन्न देवी देवताओं की झांकिया शामिल हुई।


navjyoti-13-10-1
News Coverage : Dainik Navjyoti