राजसी वैभव व धूमधाम से निकली राम बारात

गुमानपुरा स्थित मल्टीपरपज स्कूल से गुरुवार शाम राजसी वैभव, गाजे-बाजे और हाथी-घोड़ों की सवारी के साथ राम बारात धूमधाम से निकाली गई।

मार्ग में किए गए आंशिक बदलाव ने सद्भाव की मिठास घोल दी। मुस्लिम समाज की ओर से गुमानपुरा में इंदिरा गांधी तिराहे पर राम बारात का पुष्प वर्षा कर जोरदार स्वागत किया गया।

मुस्लिम समाज ने बैनर पर अंकित कर रखा था कि ‘तुम रास्तों की बात करते हो…, राम बारात हमारे दिलों से होकर गुजरेगी। राम बारात का जगह-जगह स्वागत और सत्कार किया गया।

मेला समिति ने इस बार राम बारात को नए अंदाज में निकाला, जिसे लोगों ने खूब सराहा। पूरे मार्ग पर रंग-बिरंगे आतिशी नजारे देखने को मिले।

ram-barat-patrika

ढलती सांझ के साथ ही मल्टीपरपज स्कूल से निकली राम बारात गुमानपुरा मुख्य बाजार, इंदिरा गांधी सर्किल, सूरजपोल दरवाजा, भीम राजपूत छात्रावास, कैथूनीपोल चौराहा, टिपटा, गढ़ पैलेस, किशोरपुरा दरवाजा होते हुए रात करीब दस बजे दशहरा मैदान के श्रीराम रंगमंच पहुंची।

यहां राम-सीता के विवाह की रस्में पूरी की गई। राम बारात में सबसे आगे सजधज कर इठला कर चलते गजराज थे। हाथों में राजशाही चिह्न लेकर साजदार एवं पगड़ी बांधे पैदल चलते राजसेवक व सैनिक, घुड़सवारों की टोली व भगवान राम, शिव, हनुमान सहित विभिन्न देवी देवताओं की जीवंत झांकी चल रही थी।

पुलिस सलामी के साथ रवाना हुई
मुख्य अतिथि शिवपुरीधाम के महंत सनातनपुरी महाराज थे। अध्यक्षता गोदावरी धाम के व्यवस्थापक शैलेंद्र भार्गव ने की। महापौर महेश विजय, उप महापौर सुनीता व्यास, मेला समिति अध्यक्ष राममोहन मित्रा, निगम आयुक्त शिवप्रसाद एम. नकाते, रामलीला के संयोजक महेश गौतम लल्ली व अन्य अधिकारियों ने विधिवत पूजा-अर्चना कर राम बारात को रवाना किया। पुलिस जवानों ने राम, लक्ष्मण, भरत व शत्रुघ्न की जीवंत झांकियों के समक्ष बंदूक से सलामी दी। आरएसी बैंड की धूम ने राम बारात में समा बांध दिया।

News Source: Rajasthan Patrika


ram-barat-dainik-navjyoti
News Coverage in Dainik Navjyoti

ram-baarat-rashtradoot
News Coverage in Rashtradoot

ram-barat-dainik-bhaskar
News Coverage in Dainik Bhaskar